प्रदेश में बनेंगी दूसरी महिला CS, उषा शर्मा होंगी राजस्थान की नई मुख्य सचिव
प्रदेश में बनेंगी दूसरी महिला CS, उषा शर्मा होंगी राजस्थान की नई मुख्य सचिव
यह लगभग तय हो गया है कि सीनियर IAS ऑफिसर उषा शर्मा राजस्थान की नई मुख्य सचिव होंगी। हालांकि औपचारिक आदेश का इंतजार है। दरअसल, केंद्र सरकार ने शर्मा को डेपुटेशन से रिलीव कर दिया है। वे केंद्र में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की सचिव थीं।
उधर, मुख्यमंत्री के सलाहकार गोविंद शर्मा ने फेसबुक पर उषा शर्मा को बधाई दी है। इसे सीएस बनने के पुख्ता संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। अब केवल औपचारिक आदेश का इंतजार है।
मुख्यमंत्री के सलाहकार गोविंद शर्मा ने फेसबुक पर उषा शर्मा को बधाई दी है।
सूत्रों के मुताबिक, उषा शर्मा को 31 जनवरी को पदभार ग्रहण करवाया जा सकता है। राजस्थान सरकार की सिफारिश के बाद भारत सरकार के केंद्रीय कैबिनेट की अपॉइंटमेंट कमेटी ने 1985 बैच की उषा शर्मा को युवा मामले और खेलकूद मंत्रालय से उनके मूल कैडर में अपने प्रदेश राजस्थान आने की परमिशन दे दी है। उषा शर्मा 2012 में केंद्र सरकार में डेपुटेशन पर गईं थीं। वे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी की रिश्तेदार भी हैं।
दरअसल, मौजूदा मुख्य सचिव निरंजन आर्य सोमवार को रिटायर हो जाएंगे, उनकी जगह नए मुख्य सचिव को पदभार ग्रहण कराया जाएगा। इससे पहले पिछली गहलोत सरकार में ही कुशाल सिंह को मुख्य सचिव बनाया गया था।
ऊषा शर्मा के मुख्य सचिव बनने की संभावना इसलिए सबसे प्रबल है, क्योंकि वे इस वक्त सबसे सीनियर आईएएस हैं और सचिवालय के बाहर उनके कद का कोई पद खाली नहीं है। इसके साथ ही दिल्ली से मंत्रालय का सचिव पद छोड़कर कोई आईएएस के उससे छोटे पद पर नहीं आता और उसके लिए राज्य सरकार भी सिफारिश नहीं करती।
करीब डेढ़ साल का रहेगा कार्यकाल
उषा शर्मा का कार्यकाल करीब डेढ़ साल का रहेगा। 26 जून 1963 को जन्मीं शर्मा का कार्यकाल जून 2023 में पूरा हो जाएगा। 2023 के विधानसभा चुनाव से 6 महीने पहले ही वे रिटायर हो जाएंगी। उषा शर्मा राजस्थान के बूंदी और अजमेर जिले की कलेक्टर रह चुकी हैं।
इसके अलावा कॉपरेटिव सोसाइटी की रजिस्ट्रार, जयपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी की कमिश्नर, स्टेट प्लानिंग बोर्ड की मेम्बर सेक्रेट्री, स्पिनफेड और राजस्थान हैंडलूम डवलपमेंट कॉर्पोरेशन की सीएमडी, उद्योग कमिश्नर, अरबन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट की सचिव, उद्योग और पर्यटन विभाग की कमिश्नर और सेक्रेट्री, पर्यटन विभाग की प्रमुख सचिव रह चुकी हैं।
वे भारत सरकार में पर्यटन मंत्रालय की एडिशनल डायरेक्टर जनरल, प्रशासनिक सुधार मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेट्री और आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की डीजी भी रह चुकी हैं।
कई IAS अफसर थे CS की दौड़ में शामिल
विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी की मजबूत सिफारिश उषा शर्मा के लिए मानी जाती है। उषा शर्मा के पति रिटायर्ड आईएएस बीएन शर्मा जयपुर में ही रहते हैं। बीएन शर्मा जयपुर से ही हैं और राजस्थान इलेक्ट्रिसिटी रेग्युलेटरी कमीशन के चैयरमेन हैं। हालांकि उषा शर्मा के अलावा 1985 बैच की आईएएस अधिकारी वीनू गुप्ता के अलावा शुभ्रा सिंह, डॉ सुबोध अग्रवाल, पीके गोयल, वी श्रीनिवासन, नीलकमल दरबारी के नाम भी मुख्य सचिव पद के लिए तेजी से उभरे थे।