भारत के राष्ट्रीय पुरस्कारों की जानकारी

Blog
29-Apr-2022 12+

भारत के राष्ट्रीय पुरस्कारों की जानकारी

साथियों भारत विविधताओं से भरा देश है। कई प्रतिभाशाली और महान लोगों ने भारत की भूमि पर जन्म लिया है कई वीरों ने इस धरती के लिए अपने प्राणों की बलि दी है। कला, साहित्य, खेल, उद्योग, विज्ञान, रक्षा एवं कई क्षेत्रों मं  विशिष्ट एवं पारंगत व्यक्तियों ने हमारे देश का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित किया है। इसलिए भारत सरकार ऐसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित करती है। राष्ट्रीय पुरस्कार हमें उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा भी देते हैं।

साथियों सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में राष्ट्रीय पुरस्कारों से जुड़े असंख्य प्रश्न पूछे गए हैं और भविष्य में भी पूछे जाएंगे। इसलिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय पुरस्कारों के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए। अतः इस लेख के माध्यम से हम क्षेत्रों के अनुसार आपको राष्ट्रीय पुरस्कारों की जानकारी प्रदान कर रहे हैं, इस जानकारी को आप अपने दोस्तों के साथ भी शेयर करें-

नागरिक पुरस्कार 


1. भारत रत्न 

•    ये हमारे देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। असाधारण राष्ट्रीय सेवा एवं योगदान के लिए यह पुरस्कार दिया जाता है, इन सेवाओं में कला, साहित्य, विज्ञान, खेल और सार्वजनिक सेवा शामिल है।

•    इस पुरस्कार की शुरूआत वर्ष 1954 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद द्वारा की गई थी।

•    एक वर्ष में अधिकतम 3 व्यक्तियों को ही भारत रत्न पुरस्कार दिया जाता है।

•    भारत रत्न पुरस्कार कांस्य धातु से निर्मित पीपल के पत्ते के आकार का होता है।

•    इसकी लंबाई, चौड़ाई और मोटाई क्रमशः 5.8 इंच, 4.7 इंच एवं 3.1 इंच होती है।

•    अलंकरण के आगे के भाग पर सूर्य की आकृति होती है जो प्लेटिनम से बनी होती है, इस आकृति के नीचे चांदी से "भारत रत्न" लिखा होता है।

•    अलंकरण के पिछले भाग पर भारत का राष्ट्रीय चिन्ह अशोक स्तंभ होता है, इसके नीचे "सत्यमेव जयते" लिखा होता है।

•    1 वर्ष में अधिकतम 3 व्यक्तियों को इससे सम्मानित किया जा सकता है। लेकिन प्रतिवर्ष यह पुरस्कार दिया जाए यह आवश्यक नहीं यह केंद्र सरकार पर निर्भर करता है।

•    भारत रत्न केवल भारतीय नागरिक को ही दिया जाए यह जरूरी नहीं है। अब तक दो विदेशियों- खान अब्दुल गफ्फार खान (1987) और नेल्सन मंडेला (1990) को भी इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।


पद्म पुरस्कार


2. पद्म विभूषण 

•    यह भारत का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। पद्म पुरस्कार देने की शुरूआत भी 1954 में की गई थी।

•    ये पुरस्कार भारत सरकार द्वारा उन भारतीय नागरिकों को दिए जाते हैं जो किसी भी क्षेत्र में असाधारण एवं विशिष्ट सेवा देते हैं।

 

3. पद्म भूषण पुरस्कार

•    यह भारत का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है और यह उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।

 

4. पद्म श्री

•    यह भारत का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह विभिन्न क्षेत्रों जैसे - कला, शिक्षा, उद्योग, साहित्य, विज्ञान, खेल, चिकित्सा आदि में विशिष्ट सेवा देने के लिए प्रदान किया जाता है।

 

वीरता पुरस्कार-

 

1. परमवीर चक्र

•    परमवीर चक्र भारत का सर्वोच्च शौर्य सैन्य पुरस्कार है। यह जल सेना, थल सेना और वायु सेना में दुश्मनों के सामने उच्चकोटि की शूरवीरता, अदम्य साहस दिखाने और आत्म बलिदान देने के लिए दिया जाता है। 

•    वीरता पुरस्कारों की स्थापना 26 जनवरी 1950 को की गई। अधिकांश परिस्थितियों में यह मरोणपरांत दिया जाता है।

•    यह चक्र कांस्य का बना होता है, जिसके मध्य राष्ट्रीय चिन्ह एवं चिन्ह के चारों ओर इंद्र के वज्र की चार प्रतिकृति बनी होती है।

•    परमवीर चक्र प्राप्त करने वाले प्रथम व्यक्ति मेजर सोमनाथ शर्मा (मरणोपरांत) थे।


2. महावीर चक्र

•    यह दूसरा सर्वोच्च सैन्य पुरस्कार है। यह चक्र युद्ध के समय वीरता के लिए दिया जाता है। 

•    यह तीनों सेनाओं में दुश्मन के सामने असाधारण वीरता प्रदर्शित करने के लिए दिया जाता है।

•    यह पदक चांदी से निर्मित होता है जिस पर तारे की आकृति होती है तथा इसके केंद्र में राष्ट्रीय चिन्ह बना होता है।


3. वीर चक्र

•    यह तीसरा सर्वोच्च वीरता एवं सैन्य पुरस्कार है।

•    यह दुश्मन के सामने वीरता का प्रदर्शन करते हुए उसे रणभूमि छोड़ने पर मजबूर कर देने के लिए दिया जाता है।

•    यह भी चांदी से निर्मित होता है तथा आकृति लगभग महावीर चक्र से मिलती जुलती होती है।

 

4. अशोक चक्र

•    यह शांतिकालीन वीरता पुरस्कारों में शामिल है। शांतिकालीन वीरता पुरस्कारों में यह सर्वोच्च पुरस्कार है।

•    यह पुरस्कार सैनिकों और नागरिकों को असधारण वीरता और पराक्रम दिखाने के लिए दिया जाता है।

•    राष्ट्रपति द्वारा इस चक्र से सम्मानित किया जाता है। 1987 में यह पदक एयरहोस्टेस नीरजा भनोट को दिया गया था।


5. कीर्ति चक्र
•    यह पुरस्कार भी शांतिकालीन वीरता पुरस्कारों में शामिल है। इस पुरस्कार से वायुसेना, थल सेना, जल सेना, टेरिटोरियल आर्मी और आम नागरिकों को भी सम्मानित किया जाता है।

 

6. शौय चक्र
•    यह चक्र भी शांति के समय वीरता का पदक है। यह चक्र सैनिकों, असैनिकों और असाधारण वीरता का प्रदर्शन करने वाले नागरिकों को भी दिया जाता है। वरीयता क्रम में यह कीर्ति चक्र के बाद आता है।

 

7. राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार

•    यह पुरस्कार हर वर्ष 26 जनवरी के अवसर पर वीरता का प्रदर्शन करने वाले बच्चों (18 वर्ष तक की आयु) को दिया जाता है।

•    इस पुरस्कार की शुरूआत 1957 से भारतीय बाल कल्याण परिषद के द्वारा की गई थी।

 

विज्ञान पुरस्कार

1. शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार

•    यह पुरस्कार भारतीय औद्योगिक तथा अनुसंधान परिषद द्वारा प्रत्येक वर्ष दिया जाता है। भारत के सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ. शांति स्वरूप भटनागर की स्मृति में 1957 से इस पुरस्कार की घोषणा की गई। 

•    यह विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों जैसे- जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, खगोल विज्ञान, भौतिक विज्ञान, अभियांत्रिकी आदि में असाधारण व उल्लेखनीय योगदान देने के लिए दिया जाता है।

 

2. विक्रम साराभाई पुरस्कार 

•    विक्रम साराभाई पुरस्कार को 1990 में स्थापित किया गया था। यह पुरस्कार अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में असाधारण कार्य करने वाले व्यक्तियों को दिया जाता है।

•    भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा दिए जाने वाले इस पुरस्कार के साथ पांच लाख रुपये नकद, एक पदक और प्रशस्ति पत्र भी दिया जाता है।

 

3. होमी भाभा पुरस्कार

•    इस पुरस्कार की स्थापना भी 1990 में हुई थी। भारत में परमाणु ऊर्जा के जनक डॉ. होमी जहांगीर भाभा की स्मृति में यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है।

•    यह पुरस्कार परमाणु ऊर्जा विभाग द्वारा नाभिकीय ऊर्जा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने के लिए दिया जाता है। पुरस्कार स्वरूप पांच लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र एवं पदक दिया जाता है।

 

4. जी डी बिड़ला पुरस्कार

•    पुरस्कार का पूरा नाम घनश्याम दास बिडला पुरस्कार है और के. के. बिडला फाउंडेशन द्वारा यह पुरस्कार देने की शुरूआत 1991 से की गई थी।

•    यह हर वर्ष भारत में काम कर रहे 50 वर्ष से कम आयु के वैज्ञानिकों को उनके विशिष्ट कार्यों व उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है।

 

5. डॉ. बी. सी. राय पुरस्कार
•    यह चिकित्सा क्षेत्र का सर्वोच्च पुरस्कार है। यह पुरस्कार भारत के राष्ट्रपति द्वारा 1 जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के मौके पर दिया जाता है।

•    इस पुरस्कार की स्थापना सन् 1976 में भारतीय मेडिकल परिषद ने प्रसिद्ध डॉक्टर व पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की स्मृति में की थी।

 

6. धन्वंतरि पुरस्कार
•    धन्वंतरि पुरस्कार चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ा पुरस्कार है और इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को यह पुरस्कार दिया जाता है।

•    ऑल इंडिया मेडिसिन ग्रेजुएट्स एसोसिएशन द्वारा यह पुरस्कार पेश किया गया।
खेल पुरस्कार

खेल पुरस्कार

1. मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार

•    पहले इस पुरस्कार का नाम राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार था। लेकिन 2021 में इसे बदलकर मेजर ध्यानचंद खेलरत्न पुरस्कार कर दिया गया।

•    यह भारत का सर्वोच्च खेल पुरस्कार है जो कि खेलों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। सर्वप्रथम विश्वनाथन आनंद को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

•    पुरस्कार स्वरूप 25 लाख रुपये की राशि, अवॉर्ड व प्रशस्ति पत्र भी दिया जाता है।

 

2. द्रोणाचार्य पुरस्कार

•    द्रोणाचार्य पुरस्कार की शुरूआत 1985 में हुई थी। ये पुरस्कार उन खेल प्रशिक्षकों को दिया जाता है जिनके द्वारा प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने विश्व भर की खेल प्रतियोगिताओं में असाधारण प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया है।

•    इसमें पुरस्कार स्वरूप गुरु द्रोणाचार्य की प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र, 10 लाख रुपये एवं समारोह परिधान प्रदान किए जाते हैं।


3. अर्जुन पुरस्कार

•    अर्जुन पुरस्कार मेजर ध्यान चंद खेल रत्न पुरस्कार के बाद भारत का दूसरा सर्वोच्च खेल पुरस्कार है। यह सबसे पुराना खेल पुरस्कार भी है इसकी शुरूआत 1961 में हुई थी।

•    यह पुरस्कार खेलों में लगातार 4 वर्षों तक उत्कृष्ट प्रदर्शन, नेतृत्व, खेल भावना और अनुशासन के लिए दिया जाता है।


4. ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार

•    यह पुरस्कार 2002 में स्थापित किया गया था। यह पुरस्कार हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की स्मृति में दिया जाता है।

•    खेलों में जीवन भर की उपलब्धियों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए यह पुरस्कार दिया जाता है।


फिल्म पुरस्कार

1. दादा साहेब फाल्के पुरस्कार -

•    भारतीय सिनेमा के पितामह कहे जाने वाले दादा साहेब फाल्के की स्मृति में यह पुरस्कार 1969 में स्थापित किया गया।

•    यह पुरस्कार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा उस व्यक्ति को दिया जाता है, जिसने भारतीय सिनेमा के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।

 

2. राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार -

•    भारत में फिल्मों के लिए दिया जाने वाला यह सबसे बड़ा पुरस्कार है। इस पुरस्कार की शुरुआत 1954 से हुई थी।

•    भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा यह पुरस्कार तीन खंडो- फीचर फिल्म, गैर फीचर फिल्म और श्रेष्ठ लेखन के लिए दिया जाता है।

 

3. फिल्म फेयर पुरस्कार

•    इन पुरस्कारों की शुरूआत 1954 में हुई थी। यह पुरस्कार द टाइम्स ग्रुप की पत्रिका फिल्म फेयर द्वारा प्रदान किए जाते हैं।

•    इस पुरस्कार को द टाइम्स ऑफ इंडिया के संपादक रहे क्लेयर मेंडोंका के नाम पर क्लेयर अवॉर्ड के नाम से भी जाना जाता है।


साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पुरस्कार

 

1. भारतीय ज्ञानपीठ पुरस्कार 
•    भारत में साहित्य के क्षेत्र में दिया जाने वाला यह सर्वोच्च पुरस्कार है। यह भारतीय ज्ञानपीठ न्यास की ओर से दिया जाता है और इसकी शुरुआत 1965 में हुई थी।

•    भारत का कोई भी नागरिक जो आठवीं अनुसूची में बताई गई 22 भाषाओं में से किसी भी भाषा में लिखता हो वह इस पुरस्कार को प्राप्त करने योग्य है।

•    इसमें पुरस्कार स्वरूप 11 लाख रुपये, स्मृति चिन्ह, वाग्देवी की प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। 

•    इस पुरस्कार से सम्मानित होने वाले प्रथम व्यक्ति शंकर कुरुप (मलयालम साहित्य) थे।


2. साहित्य अकादमी पुरस्कार

•    यह साहित्य के क्षेत्र में दिया जाने वाला दूसरा सर्वोच्च सम्मान है। इस पुरस्कार की शुरुआत 1954 में हुई थी यह नेशनल एकेडमी ऑफ लेटर्स द्वारा प्रतिवर्ष दिया जाता है।

•    यह पुरस्कार अंग्रेजी और राजस्थानी समेत 22 भारतीय भाषाओं में पिछले 5 वर्षों में प्रकाशित उत्कृष्ट रचना के लिए भारत सरकार द्वारा दिया जाता है।


3. मूर्ति देवी पुरस्कार

•    भारतीय ज्ञानपीठ समिति के द्वारा यह पुरस्कार भारतीय भाषा या अंग्रेजी साहित्य के उत्कृष्ट लेखकों को दिया जाता है।

•    भारतीय ज्ञानपीठ के संस्थापक साहू शांति प्रसाद जैन की मां मूर्ति देवी की स्मृति में यह पुरस्कार दिया जाता है।


4. सरस्वती सम्मान

•    सरस्वती सम्मान भारत के सबसे प्रतिष्ठित साहित्यिक पुरस्कारों में से एक है। यह हर साल किसी भारतीय नागरिक द्वारा किसी भी भारतीय भाषा में लिखे गए और पिछले 10 वर्षों के भीतर प्रकाशित उत्कृष्ट साहित्यिक कृति को दिया जाता है।

•    इसकी शुरुआत 1991 में हुई एवं इसमें एक प्रशस्ति पत्र, एक पट्टिका और 15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है।

 पर्यावरण पुरस्कार

1. अमृता देवी बिश्नोई वन्य जीव सुरक्षा पुरस्कार 

•    यह पुरस्कार वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्ति या संस्था को भारत सरकार द्वारा दिया जाता है। 

•    इस पुरस्कार को प्राप्त करने वाले व्यक्ति या संस्थान को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया जाता है।

 

2. इंदिरा गांधी प्रियदर्शिनी वृक्षमित्र पुरस्कार

•    यह पुरस्कार उन व्यक्तियों एवं संस्थानों को दिया जाता है जिन्होंने वानिकी और अनुपजाऊ भूमि के विकास के लिए अनुकरणीय कार्य किया है।

•    यह पुरस्कार पर्यावरण, वन और जलवायु मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रदान किया जाता है।

•    इसमें पुरस्कार स्वरूप प्रशस्ति पत्र, मेडल व 2 लाख 50 हजार रुपये दिए जाते हैं।

 

3. इंदिरा गांधी पर्यावरण पुरस्कार

•    इस पुरस्कार की शुरुआत 1987 में की गई थी। इस पुरस्कार के लिए किसी व्यक्ति या संगठन का चयन उपराष्ट्रपति की अध्यक्षता वाली समिति करती है।

•    पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्ति या संस्थान को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। इसमें पुरस्कार स्वरूप पांच लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र भी दिया जाता है।

 

4. राजीव गांधी पर्यावरण पुरस्कार -

•    यह पुरस्कार उन औद्योगिक संस्थानों को दिया जाता है जो स्वच्छ प्रौद्योगिकी को अपनाते हैं और पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

•    इसमें पुरस्कार स्वरूप ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और 2 लाख रुपये दिए जाते हैं।

 

5. राजीव गांधी पर्यावरण पुरस्कार

•    यह पुरस्कार उन औद्योगिक संस्थानों को दिया जाता है जो स्वच्छ प्रौद्योगिकी को अपनाते हैं और पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

•    इसमें पुरस्कार स्वरूप ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और 2 लाख रुपये दिए जाते हैं।

 

6. राष्ट्रीय प्रदूषण रोकथाम पुरस्कार

•    इस पुरस्कार की स्थापना 1992 में की गई थी। 

•    प्रत्येक वर्ष यह पुरस्कार 23 उद्योगों (18 बड़े तथा पांच लघु) को दिया जाता है, जिन्होंने प्रदूषण निवारण के लक्ष्यों की प्राप्ति तथा पर्यावरण सुधार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया है।

•    इसमें पुरस्कार स्वरूप ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और 1 लाख रुपये दिए जाते हैं।

Ready to start?

Download our mobile app. for easy to start your course.

Shape
  • Google Play